गैंगस्टर एक्ट के आरोपी विशाल और रामपाल को अलग-अलग स्थानों से दबोचा
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महरुआ थाना पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए 15-15 हजार रुपये के दो इनामी गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मामलों में वांछित चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह द्वारा 15-15 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई में विशाल पुत्र रामप्रसाद (24) निवासी खरगपुर, थाना अकबरपुर को बरामदपुर जरियारी कुड़ी मोड़ से गिरफ्तार किया। उसके मारपीट, चोरी सहित कई आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।
इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए 17 जुलाई की रात करीब 1:35 बजे मुखबिर की सूचना पर दुर्गापुर जमालपुर मोड़ से 15 हजार रुपये के इनामी अपराधी रामपाल अहरही पुत्र स्व. सतनसराय अहरही (26) निवासी कर्मानजीतपुर, थाना बेवाना को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में भी मुकदमा पंजीकृत है।
दोनों आरोपी गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे थे जिनको गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में इनामी एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत, उपनिरीक्षक छठ्ठू चौधरी, उपनिरीक्षक वीर सिंह गौड़, आरक्षी अनुज प्रताप सिंह, आरक्षी रोहित कुमार तथा आरक्षी महेंद्र कुमार एवं रोशन यादव शामिल रहे।



