अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर(प्रमोद वर्मा)। मालीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ दियरा में बुधवार सुबह मिले शव के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अजय शुक्ला पुत्र बैजनाथ शुक्ला के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनिरुद्ध मिश्रा और सोनी शुक्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त की सुबह करीब 8:20 बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम तेंदुआ दियरा में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की बहन की तहरीर के आधार पर मालीपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक का भाई राजेश शुक्ला गुजरात में अपने परिवार के साथ रहता है और अनिरुद्ध मिश्रा उसका मौसा-भांजा संबंधी है। पुलिस के अनुसार जमीन हड़पने के लालच में अजय शुक्ला की हत्या की योजना बनाई गई थी और घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार अनिरुद्ध मिश्रा 17 अगस्त को अपनी मौसी सोनी शुक्ला के साथ गुजरात से चला था और 18 अगस्त की शाम अपने घर पहुंचा। 19 अगस्त की शाम अनिरुद्ध मृतक के घर गया और उसे शराब पिलाने के बहाने नेमापुर घाट ले गया। वहां मृतक के अत्यधिक नशे में होने के बाद उसके सिर पर वार किया गया तथा गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि मृतक के अचेत होने के बाद उसके पैर के अंगूठे में पास में रखे पंखे की तार बांधकर विद्युत स्विच चालू कर दिया गया, ताकि उसकी मौत करंट लगने से हुई प्रतीत हो। इसके बाद घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।




