अवधी खबर संवाददाता
अंबेडकरनगर। भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में रविवार को महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने की। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने, आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की तैयारियों तथा पार्टी के अभियानों को बूथ स्तर तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने में जुटना चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सर्व समाज के लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि जिले में संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ स्तर की गतिविधियों, संगठनात्मक अभियानों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि पार्टी द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्र, शुभम अग्रहरि, विकास मोदनवाल, जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव, डॉ. विनोद कुमार, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय, जिला मंत्री विनय पाण्डेय, शिव पूजन राजभर, अखण्ड प्रताप वर्मा, आकाश वर्मा, उमा शंकर शुक्ला, अंजू पाण्डेय, जय सिंह, अभिषेक निषाद, जिला कार्यालय मंत्री संतोष सिंह बबलू, कोषाध्यक्ष राज कुमार सेठ, राम सूरत वर्मा, मनीष मिश्र, अमित सिंह, सागर संगवानी, निखिल जायसवाल, अरुण राजभर, सुधांशु ओझा, अंकित अग्रहरि सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




