शबीह अब्बास शीबू
टांडा (अवधी खबर)। चिंतौरा स्थित लक्ष्मी मैरिज लॉन के सामने रविवार को प्रस्तावित पीडीए महापंचायत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे समाजवादी पार्टी के टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। आसमान से बरसती बारिश के बीच भी आयोजन की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं के बुलंद हौसले और उत्साह ने माहौल को पूरी तरह राजनीतिक ऊर्जा से भर दिया।
विधायक राममूर्ति वर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश मार्ग सहित अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं से आयोजन को लेकर जानकारी ली। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं की सक्रियता को देखते हुए कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उत्साह साफ नजर आया।
कल होने वाली पीडीए महापंचायत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
विधायक राममूर्ति वर्मा ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और एकजुटता के साथ सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और मेहनत ही किसी भी संगठन की असली ताकत है। बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि आयोजन को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं।
कार्यकर्ताओं के बुलंद हौसलों के आगे बारिश भी फीकी पड़ती नजर आई। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में सम्मेलन को लेकर चर्चा और उत्साह का माहौल बना रहा।



