लखनऊ के अस्पताल में बेहोशी की हालत में चल रहा उपचार, हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर (प्रमोद वर्मा)। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में टांडा रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें लखनऊ के बीएनसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह बेहोशी की हालत में उपचाराधीन हैं। मामले में घायल डॉक्टर की पत्नी की तहरीर पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, न्यू सिटी हॉस्पिटल, पटेलनगर निवासी डॉ. दिलीप वर्मा 23 सितंबर की रात करीब 10 बजे एक निमंत्रण से वापस लौट रहे थे। पटेलनगर तिराहे से करीब 100 मीटर आगे टांडा रोड पर वह आवश्यक कार्य से रुके थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहे अज्ञात चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में डॉ. दिलीप वर्मा को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए लखनऊ के बीएनसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अभी तक उन्हें होश नहीं आया है।
घटना के संबंध में डॉक्टर की पत्नी मीना वर्मा ने 27 सितंबर को अकबरपुर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की पहचान के लिए जांच कर रही है।




