अवधी खबर संवाददाता
अंबेडकरनगर।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रांतीय आह्वान पर जनपद की सभी पाँचों तहसीलों में तहसील दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कार्यक्रम किया जाएगा। इस संबंध में संघ द्वारा पूर्व सूचना जिलाधिकारी को तथा तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी को दे दी गई है।
संघ का कहना है कि पिछले 9 वर्षों से शासन द्वारा लेखपाल संवर्ग की मूलभूत मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके विरोध में यह चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। कल का यह धरना एवं कार्य बहिष्कार कार्यक्रम आंदोलन का प्रथम चरण है।
जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यदि शासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो अगला कार्यक्रम प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशानुसार घोषित किया जाएगा।
संघ का यह कदम तहसील दिवस के कार्यों को प्रभावित कर सकता है, वहीं लेखपालों में अपनी मांगों को लेकर व्यापक नाराजगी भी दिखाई दे रही है।





