अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेवाना थाना क्षेत्र में 161 किलोमीटर के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में गोरखपुर जनपद के बेलाघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई निवासी विजय कुमार यादव (50), लक्ष्मी (40) पत्नी मुकेश तथा छह वर्षीय मासूम वीर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कार चालक विनय कुमार यादव पुत्र अंश, मुकेश की पुत्री गुनगुन (14) और कनिष्का (5) समेत अन्य घायल हो गए। घायलों को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल अकबरपुर भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष सर्वदमन सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।





