अवधी खबर संवाददाता
जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर के मालीपुर रोड स्थित हरियाली मार्केट में बुधवार को यूको बैंक की नई शाखा का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राहुल गुप्ता ने फीता काटकर शाखा का शुभारंभ किया।
उद्घाटन से पूर्व शाखा प्रमुख अभिषेक कुमार पाठक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां सरस्वती एवं भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अतिथियों एवं बैंक अधिकारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
नई शाखा के खुलने से क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा। शाखा में बचत एवं चालू खाता खोलने, डिजिटल बैंकिंग, विभिन्न प्रकार के ऋण, पेंशन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगी। बैंक प्रशासन ने नई शाखा के माध्यम से ग्राहकों को सरल, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर उप अंचल प्रमुख साहिल सुमन, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, लोन एवं मार्केटिंग प्रमुख अमन रंजन, सहायक शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार, मुख्य प्रबंधक अंकुर यादव, जय प्रकाश पांडे, सौरभ सिंह, अशोक सिंह, मीडिया प्रभारी विकास निषाद, सोनू गौड़, आदित्य गोयल, शिवम आर्या तथा विवेक सोनी सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




