चोरी का 2 एचपी विद्युत मोटर पंप बरामद, एक आरोपी पर पहले से भी दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
अहिरौली थाना पुलिस ने विद्युत मोटर पंप चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया 2 एचपी का विद्युत मोटर पंप, क्लैंप व बैंड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को थाना अहिरौली में दर्ज मुकदमें के विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक हीरालाल सरोज अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर करनाई तिराहा के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राम अशीष राजभर (47) पुत्र ननकू तथा श्रवण कुमार (51) पुत्र बजरंग सिंह, दोनों निवासी ग्राम बराही, थाना अहिरौली, जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया एक 2 एचपी का विद्युत मोटर पंप, क्लैंप एवं बैंड बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राम अशीष राजभर के विरुद्ध पूर्व में भी दहेज मृत्यु समेत अन्य आपराधिक मुकदमे थाना अहिरौली में दर्ज हैं। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।



