अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकर नगर। भीटी तहसील में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई को लेकर लेखपाल संघ में आक्रोश देखने को मिला। कार्रवाई को ज्यादतीपूर्ण बताते हुए लेखपाल संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसीलदार राज कपूर को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की गई।
धरने की अध्यक्षता लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष प्रवीण कुमार शुक्ला ने की। संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उनके युवा साथी लेखपाल उत्कर्ष को एंटी करप्शन टीम द्वारा जबरन एक मामले में फंसाया गया है। लेखपाल संघ के अनुसार, उत्कर्ष अपने कार्यालय में दैनिक कार्य के तहत अंश निर्धारण का काम कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति कार्यालय में आया और मेज पर एक फाइल रखकर चला गया। कुछ समय बाद एंटी करप्शन टीम मौके पर पहुंची और उक्त फाइल को कब्जे में लेकर लेखपाल को अपने साथ ले गई।
लेखपाल संघ ने पूरी कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि मामले में लेखपाल को अनावश्यक रूप से कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्यों का पता चल सके।
धरने के दौरान लेखपाल संघ ने शासन-प्रशासन से मामले में न्यायोचित कार्रवाई की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपालों को बिना पर्याप्त तथ्यों के परेशान किया जाना उचित नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
इस दौरान प्रवीण कुमार शुक्ला, सुरेश कुमार, नीतू सिंह, कालिका प्रसाद उपाध्याय, राजेश तिवारी, जितेंद्र सिंह, अनामिका जायसवाल, स्वतंत्र, विक्रम सिंह समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।





