अन्नपूर्णा भवन और स्वयं सहायता समूह शेड के लिए आवंटित गाटा संख्या 113 पर खड़ी की गई दीवार, अतिक्रमण हटाने की ग्रामीणों ने उठाई मांग
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के कनक पट्टी गांव में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि लेखपाल के मना करने के बावजूद शिव नारायण पुत्र रमापति ने रात के अंधेरे में गाटा संख्या 113 पर जबरन दीवार खड़ी कर दी। इससे गांव में बने स्वयं सहायता समूह शेड के प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गाटा संख्या 113 में स्वयं सहायता समूह शेड और अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराया गया है। इसके बावजूद सरकारी भूमि पर कब्जे की कोशिश से सार्वजनिक उपयोग के लिए विकसित की गई जगह पर अतिक्रमण का सवाल खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि इससे पहले इसी सरकारी भूमि के करीब चार बिस्वा हिस्से पर भी कब्जा किया जा चुका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित लेखपाल द्वारा पूर्व में दीवाल खड़ी करने के दौरान तत्कालीन लेखपाल अयोध्या प्रसाद तिवारी के द्वारा रोकने के बावजूद कथित तौर पर रात में दीवार खड़ी की गई। इससे सरकारी जमीन की सुरक्षा और अतिक्रमण रोकने की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गाटा संख्या 113 की तत्काल पैमाइश कराकर सरकारी भूमि की स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होती है, तो दीवार हटवाकर जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया जाए, ताकि स्वयं सहायता समूह शेड और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित न हों।
अब देखना यह है कि तहसील प्रशासन मामले का संज्ञान लेकर जांच और नियमानुसार कार्रवाई कब तक करता है।
वही जब इस संबंध में एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह से टेलीफोनिक वार्ता किया गया तो उनके द्वारा बताया गया कि मामले को दिखवाते हैं।




