अवधी खबर संवाददाता
अंबेडकरनगर।
थाना महरुआ अंतर्गत ग्राम सभा मथानी में एक ही परिवार के बीच जबरन पेड़ काटने का विवाद कहासुनी के बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
मिली जानकारी के अनुसार संदीप कुमार पुत्र रामचैत ने महरुआ थाने में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष द्वारा जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उसकी गर्भवती पत्नी और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं, वहीं खुद संदीप की उंगलियों पर भी हमला करने का प्रयास किया गया।
पीड़ित के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे उसके पटीदार मनीष कुमार पुत्र दशरथ दिन, अपने भाइयों हरीश कुमार एवं सतीश कुमार के साथ मिलकर 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन को अपने घर से हटाकर संदीप के घर के ऊपर से ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान संदीप के घर के सामने लगे यूकेलिप्टस के पेड़ को जबरन कटर मशीन से काटा जाने लगा।
जब संदीप ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने कटर मशीन से उसकी पत्नी रेशमा (उम्र 25), बहन प्रीति (उम्र 20) और खुद संदीप पर हमला किया। हमले में प्रार्थी की गर्भवती पत्नी के पेट पर चोट पहुंची, बहन के बाएं हाथ पर गंभीर वार किया गया, जबकि संदीप की बाईं हाथ की उंगलियों को काटने का प्रयास किया गया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि यह हमला पूरे परिवार को जान से मारने की साजिश के तहत किया गया, जिसकी योजना पहले से बनाई गई थी। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजकर चिकित्सकीय परीक्षण चल रहा है। वही जब इस संबंध में महरुआ थाना अध्यक्ष यादवेंद्र सोनकर से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं रिसीव हो सका।





