अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर(प्रमोद वर्मा)। कटेहरी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सभा चोउटीपारा में स्थित पौराणिक श्रवण धाम इन दिनों साफ-सफाई के अभाव में उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इस स्थल के आरती घाट पर गंदगी पसरी हुई है, जबकि ग्राम सभा में सफाई के लिए दो सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद नियमित सफाई न होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
श्रवण धाम का संबंध रामायण काल से जुड़ा माना जाता है। मान्यता है कि यहीं पर श्रवण कुमार से जुड़ी ऐतिहासिक घटना हुई थी, जिसके कारण यह स्थान आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
इस पवित्र स्थल पर प्रतिदिन तमसा नदी के तट पर सुबह और शाम आरती का आयोजन किया जाता है। पंडित सुनील मिश्रा के नेतृत्व में श्रद्धालु बड़ी संख्या में आरती में शामिल होते हैं। लेकिन आरती घाट और आसपास के क्षेत्र में फैली गंदगी से धार्मिक स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है और श्रद्धालुओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब ग्राम सभा में दो सफाई कर्मचारी तैनात हैं तो फिर इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल की साफ-सफाई न होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उनका आरोप है कि जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण श्रवण धाम जैसे पौराणिक स्थल की व्यवस्था बदहाल होती जा रही है।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि श्रवण धाम के आरती घाट की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि इस पौराणिक और आस्था के केंद्र की गरिमा बनी रहे तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।




