निगोहां, लखनऊ।देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत शहीद अमरेंद्र बहादुर सिंह की स्मृति में 22 मार्च रविवार को एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम निगोहां स्थित शहीद स्मारक पर दोपहर 3:00 बजे आयोजित होगा, जहां क्षेत्र के गणमान्य लोग एकत्र होकर शहीद को नमन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा वर्ग उपस्थित रहकर शहीद अमरेंद्र बहादुर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे और उनके अदम्य साहस व देशभक्ति को याद करेंगे। श्रद्धांजलि सभा में शहीद के जीवन संघर्ष, उनके बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर भी वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला जाएगा।
आयोजक ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और शहीदों के बलिदान को हमेशा स्मरण रखना है।
उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करने की अपील की है।स्थानीय लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। श्रद्धांजलि सभा को सफल बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।





