राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन आपूर्ति से मिलेगा निजात
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। जनपद के राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज प्रशासन के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित 20 केएल लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल सोमवार को प्राचार्य डॉ0 मुकेश यादव के निर्देशन में डॉ0 संजय कुमार सिंह द्वारा प्रारंभ कराया गया। इस महत्वपूर्ण पहल से मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित तथा भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, इस अवसर पर प्राचार्य डॉ0 मुकेश यादव ने कहा कि संस्थान में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है और लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने से मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन इस प्लांट के संचालन को लेकर लंबे समय से प्रयासरत था और अब ट्रायल शुरू होना एक संतोषजनक उपलब्धि है। डॉ0 संजय कुमार सिंह ने बताया कि 20 केएल क्षमता वाला यह लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट भविष्य में मेडिकल कॉलेज और संबद्ध चिकित्सालय में ऑक्सीजन की उपलब्धता को अधिक सुचारु बनाएगा। इससे आपातकालीन एवं गंभीर मरीजों के उपचार में सुविधा मिलेगी तथा ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए बाहरी निर्भरता में भी कमी आने की संभावना है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का मानना है कि इस प्लांट के क्रियाशील होने के बाद संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। विशेष रूप से गंभीर रोगियों, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर तथा अन्य आवश्यक विभागों में निर्बाध ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में यह संयंत्र अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
ट्रायल प्रारंभ होने के साथ ही तकनीकी मानकों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि प्लांट को पूर्ण रूप से सुचारु संचालन के लिए तैयार किया जा सके। कॉलेज प्रशासन ने इस उपलब्धि को संस्थान की चिकित्सा अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है।




