अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। जनपद के हंसवर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने 8 वर्षीय मासूम बच्ची को गोली मारने के आरोपी बाल अपचारी को तत्परता से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना 18 मई की दोपहर करीब 3 बजे की है। पीड़िता की मां रुकसार बानो पत्नी बरकत अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले चार वर्षों से हंसवर में अपनी बहन के घर रहकर अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। घटना के दिन वह अपनी छोटी सी दुकान पर बैठी थीं, तभी गांव का ही रहने वाला मोहनिश पुत्र मदनी कुछ सामान लेने आया और किसी बात को लेकर उनसे बहस करने लगा।
दुकान पर मां और ग्रामीण के बीच होती कहासुनी को देखकर रुकसार बानो की 8 वर्षीय बेटी ‘इकरा’ बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान आक्रोशित होकर आरोपी मोहनिश ने पास में छिपाकर रखा अवैध असलहा निकाला और मासूम इकरा की कनपटी पर गोली दाग दी। गोली लगते ही मासूम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। हंसवर थाना प्रभारी अभिनेष कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाल अपचारी मोहनिश उर्फ मो. मोनिस उर्फ लाल बादशाह उम्र करीब 17 वर्ष को नियमानुसार हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर महज 17 वर्ष के नाबालिगों और अपराधियों तक ये अवैध असलहे कैसे पहुंच रहे हैं? जिले में अवैध हथियारों की इस तरह आसानी से उपलब्धता स्थानीय पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बेहद गंभीर चुनौती बन चुकी है, जिस पर जड़ से प्रहार करना अब बेहद जरूरी हो गया है।



