अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जमुनीपुर बाजार में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। टेंट हाउस का सामान उतारते समय पोल बिजली के तार से टकरा गया, जिससे करंट की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक राधेश्याम शर्मा (46) की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रसूलपुर उसरी निवासी राधेश्याम शर्मा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने ई-रिक्शा पर टेंट का सामान लेकर जमुनीपुर बाजार स्थित अनिल वर्मा के टेंट हाउस पहुंचे थे। जैसे ही वे ई-रिक्शा से टेंट का पोल उतारने लगे, पोल अचानक ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का जोरदार झटका लगने से राधेश्याम गंभीर रूप से झुलस गए।
आनन-फानन में स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने इलाके में खतरनाक तरीके से लटकी विद्युत लाइनों को लेकर गहरा आक्रोश जताया है और इसे घोर लापरवाही करार दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।




