अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मिट्टी के घर से एक-दो नहीं बल्कि 25 कोबरा के बच्चे निकल आए। कुछ ही देर बाद बिल में छिपा एक बड़ा कोबरा भी दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, आजनपारा निवासी दिनेश विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय राम कृपाल विश्वकर्मा के बच्चों ने घर की मिट्टी की दीवार के पास कई सांप के बच्चों को रेंगते देखा। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे। आसपास पड़े कूड़े-करकट को हटाया गया तो बड़ी संख्या में कोबरा के बच्चे दिखाई दिए। इसी दौरान एक बड़ा कोबरा भी नजर आया, जो तुरंत दीवार की दरार में बने बिल में घुस गया।
घटना की सूचना पर जगतुपुर गांव से सपेरा राजित राम कनौजिया को बुलाया गया। उन्होंने कई घंटे की मशक्कत के बाद एक-एक कर 25 कोबरा के बच्चों को सुरक्षित पकड़कर डिब्बे में बंद किया। इसके बाद खपरैल मकान का हिस्सा हटाकर बिल में छिपे बड़े कोबरा को भी बाहर निकालकर सुरक्षित पकड़ लिया।
सपेरे ने सभी सांपों को सुरक्षित रूप से नजदीकी जंगल में छोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान अधिवक्ता नागेंद्र यादव, राम आसरे यादव, रमापति विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। एक साथ इतनी संख्या में कोबरा के बच्चे निकलने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।





