शारदा चैरिटेबल ट्रस्ट ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। शारदा देवी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को शारदा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जे.एन. पब्लिक स्कूल एवं जगत नारायन पी.जी. कॉलेज के प्रांगण में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वर्गीय शारदा देवी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल एवं बरगद के पौधे रोपित किए गए।
पौधरोपण के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि मां का स्नेह, त्याग और संस्कार जीवनभर मनुष्य के साथ रहते हैं। उनकी स्मृति में लगाए गए ये वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को भी पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते रहेंगे। पीपल और बरगद जैसे दीर्घजीवी वृक्षों का चयन मां की स्मृतियों को प्रकृति के साथ जोड़ने की एक सार्थक पहल है।
इस अवसर पर शारदा चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों, विद्यालय एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने स्वर्गीय शारदा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करने की बात कही।
मां की पुण्यतिथि पर पौधरोपण के इस अनूठे प्रयास ने भावनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।



