अवधी ख़बर संवाददाता
अयोध्या(प्रियंका वर्मा)।महिला पहलवानों के आरोपों से जुड़े मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। वह दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिए महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या पहुंचे।
एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
स्वागत के दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की और शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला। एयरपोर्ट से निकलने के बाद उनका काफिला प्रयागराज हाईवे और लखनऊ हाईवे से होकर गुजरा। काफिले में बड़ी संख्या में समर्थकों और वाहनों के शामिल होने से कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़कों पर हजारों की संख्या में चारपहिया वाहन नजर आए, जिससे कई जगह जाम की स्थिति बन गई।
अयोध्या पहुंचने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
इसके बाद वह गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ रैली के लिए रवाना हो गए।
विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने कहा कि उनके पिता अदालत से बरी होकर आए हैं और इसी अवसर पर स्वागत तथा विशाल रैली का आयोजन किया गया है। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस प्रशासन यातायात व्यवस्था संभालने में जुटा रहा।



