अवधी खबर संवाददाता
कटेहरी, अम्बेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्रामसभा प्रतापपुर चमुर्खा के जरूखा गांव में शुक्रवार सुबह खेत में लगी विद्युत झटका मशीन की चपेट में आने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जरूखा गांव निवासी राजितराम पुत्र स्वर्गीय मनीराम (55) शुक्रवार सुबह नित्यक्रिया के लिए जा रहे थे। इसी दौरान घर के बगल स्थित खेत में लगी झटका मशीन में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटेहरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अहिरौली थानाध्यक्ष दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




