मेहनत और लगन से बदली तकदीर, चयनित पर परिजनों में खुशी का माहौल
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर,(बृजेश कुमार मनोज)। वक्त से लड़कर जो नसीब बदल दें, इंसान वही जो अपनी तकदीर बदल दें। कल क्या होगा, कभी मत सोचो, क्या पता कल वक्त खुद अपनी तस्वीर बदल दे। किसी शायर की यह पंक्तियां जनपद के टांडा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत दहियावर निवासी प्रभाकर की सफलता पर पूरी तरह चरितार्थ होती हैं। साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रभाकर ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल करते हुए।
ग्राम पंचायत अधिकारी (VPO) के पद पर चयनित होकर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। प्रभाकर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से शुरू की। इसके बाद उन्होंने जनपद के दहीरपुर विद्यालय से शिक्षा ग्रहण किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने लक्ष्य के प्रति अपनी मेहनत जारी रखी और आखिरकार सफलता प्राप्त कर अपने सपने को साकार किया। प्रभाकर के पिता सुरजन प्रसाद साधारण किसान हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। बेटे की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।
रिश्तेदारों, ग्रामवासियों और शुभचिंतकों द्वारा प्रभाकर को बधाई देने का सिलसिला जारी है। ग्रामवासियों ने कहा कि प्रभाकर की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति एवं निरंतर परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।




