राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्नों ने बिखेरा आकर्षण, दही हांडी बनी समारोह का केंद्र
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। ब्रेनसीड इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप में सजकर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। समारोह की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप एवं उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई।
राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों की आकर्षक वेशभूषा ने समारोह में विशेष रंग भर दिया। राधा-कृष्ण के बाल रूप की रैंप वॉक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कृष्ण-आधारित गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं तथा उनके व्यक्तित्व की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में आनंद और उमंग का माहौल बना रहा। समारोह में आयोजित दही हांडी गतिविधि बच्चों के आकर्षण का विशेष केंद्र रही।
दही हांडी को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सहभागिता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को भी बढ़ावा दिया।




