नाली सफाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने का आरोप, अकबरपुर कोतवाली में दी तहरीर
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।जिले के विकासखंड कटेहरी की ग्राम पंचायत जगदीशपुर के राजस्व गांव मेदीपुर में नाली की सफाई के दौरान सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर सफाई कर्मचारी संगठन में नाराजगी है। संगठन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे मेदीपुर में तैनात सफाई कर्मचारी राजकुमार नाली की सफाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी अजय कुमार और संजय उर्फ पिंटू ने उनके साथ मारपीट की तथा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप यह भी है कि दोनों ने गांव में दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद सफाई कर्मचारी ने मामले की जानकारी संगठन पदाधिकारियों को दी। इसके बाद सहायक विकास अधिकारी पंचायत दुर्गा प्रसाद पाण्डेय को भी प्रकरण से अवगत कराया गया। जिला अध्यक्ष शिवकुमार मौर्य के अनुसार, संगठन की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अकबरपुर कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी संगठन आगे की रणनीति तय करते हुए आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा।
तहरीर दिए जाने के दौरान जिला अध्यक्ष शिवकुमार मौर्य, जिला मंत्री रुद्रसेन गौतम, सोमनाथ कन्नौजिया, लालता प्रसाद, विजय कुमार, साधूराम, राजेंद्र प्रसाद, मोहम्मद इसरार, लालजी राव, कुलदीप कुमार, रामसेवक, रामसूरत, विनोद कुमार राजभर समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




