अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत एकेडमिक ब्लॉक के सामने ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
मुख्य कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. डॉ. मुकेश यादव, उप प्राचार्य डॉ. उमेश वर्मा, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रमोद यादव सहित अन्य संकाय सदस्यों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के सिद्धांतों को अपने जीवन और कार्यों में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर मनाया जाने वाला विश्व अहिंसा दिवस बापू के अहिंसा के संदेश को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि गांधी का सपना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े और गरीब व्यक्ति तक सहायता एवं सुविधाएं पहुंचाना था, जिसे हम सभी को अपने कार्यों के माध्यम से साकार करने का प्रयास करना चाहिए। उप प्राचार्य डॉ. उमेश वर्मा ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। प्राचार्य नर्सिंग डॉ. भास्कर ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, कार्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग के छात्रों द्वारा देशभक्ति गीत एवं भाषण प्रस्तुत किए गए।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह एवं देशभक्ति का वातावरण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रमोद यादव द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नोडल ब्लड बैंक डॉ. मनोज गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में कल्चरल कमेटी के हेड डॉ. पंकज, सहित समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के समस्त संकाय सदस्य, चिकित्सक, नर्सिंग छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





