मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी व फायर टीम ने रेस्क्यू कर शव बाहर निकाला, विधायक राममूर्ति वर्मा ने परिजनों को दी सांत्वना
अवधी खबर संवाददाता
टांडा। थाना क्षेत्र के ग्राम दहियावर (दरवेशपूर) में रविवार को तालाब में डूबने से सुरेंद्र कुमार, पुत्र स्वर्गीय कन्हैया लाल की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब के किनारे पैर फिसल जाने के कारण सुरेंद्र गहरे पानी में जा गिरे और डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद तालाब से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त किया।
युवक की अचानक हुई मौत से गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




