अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
जनपद के महरुआ थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ही इलाके में एक सप्ताह के भीतर दो चोरी की वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा मामला सुल्तानपुर अकबरपुर हाईवे स्थित यदुवंशी ढाबा के सामने गाड़ी धुलाई सेंटर का है, जहां मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर रखा अल्टीनेटर पार कर दिया।
पीड़ित हैदर अली पुत्र मोहम्मद यूनुस, निवासी ग्राम कसाढ़ा थाना महरुआ, ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े छः बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। सुबह पहुंचने पर दुकान का ताला टूटा मिला और अंदर रखा अल्टीनेटर गायब था।
पीड़ित के अनुसार चोरों ने दुकान के अंदर रखी पैंट से बच्चों की फीस के लिए रखे करीब पांच हजार रुपये भी निकाल लिए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई और बुधवार को थाना अध्यक्ष को लिखित तहरीर सौंपकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर स्थित यदुवंशी ढाबा से लगभग एक सप्ताह पूर्व एक मोटरसाइकिल भी चोरी हो चुकी है, जिसकी सूचना भी थाने पर दी गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
थाना अध्यक्ष महेंद्र सरोज ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्रीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।




