अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। जनपद के विद्युत उपकेंद्र महरुआ क्षेत्र में आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन ग्रामीणों के लिए खतरे का सबब बनी हुई है। ग्राम महरुआ निवासी संतोष सिंह पुत्र स्वर्गीय कमला प्रसाद सिंह ने इस संबंध में भीटी विद्युत उपखंड के एसडीओ को शिकायती पत्र देकर लाइन की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि हाईटेंशन लाइन के दो खंभों के बीच लगभग 300 मीटर की दूरी होने के कारण बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। लाइन आबादी क्षेत्र एवं मकानों के सामने से गुजर रही है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात और तेज हवा के दौरान खतरा और बढ़ जाता है तथा कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है।
पीड़ित ने विद्युत विभाग से जनहित को देखते हुए हाईटेंशन लाइन के तारों की ऊंचाई बढ़ाने, आवश्यक तकनीकी सुधार कराने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भीटी के एसडीओ विद्युत ने मौके का संज्ञान लेकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब क्षेत्रवासियों को विभागीय कार्रवाई का इंतजार है।




