अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
महरुआ थाना क्षेत्र में एक युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आदमपुर तिंदौली निवासी चंदन पुत्र लालमन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने ननिहाल में रहकर जीवनयापन करता है। आरोप है कि 9 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह बाजार जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के सभाजीत, चंद्रभान और दुर्विजय ने उसे रोक लिया और बिना किसी उकसावे के लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमले से बचने के लिए वह पास के एक मकान में जाकर छिप गया, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए और उसके साथ दोबारा मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसके बाद आरोपित वहां से भाग निकले।
चंदन का कहना है कि घटना के बाद भी आरोपित लगातार गाली-गलौज कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है।
महरुआ पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।




