अवधी खबर संवाददाता
अंबेडकरनगर।जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर स्थित लल्ला सिंह की बाग के पास की है। पुलिस टीम शाम करीब 6 बजे संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी, तभी इस बदमाश का सामना पुलिस से हुआ।
घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सीतापुर जिले के थानगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ख्वारी चमारन का पुरवा निवासी पप्पू पुत्र चंद्रिका प्रसाद के रूप में हुई है। पप्पू लंबे समय से चोरी की घटना में वांछित चल रहा था। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की गई सोने की चेन, दो अंगूठियां, नकदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।




