गांधी के विचार आज भी दिखाते हैं समाज को नई राह….
अवधी खबर संवाददाता
मोहनलालगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गुरुवार को पांडेय कॉम्प्लेक्स, मोहनलालगंज में जननायक सुजीत पांडेय मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी सिर्फ स्वतंत्रता आंदोलन के नायक ही नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और मानवता के पुजारी थे। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं। उन्होंने युवाओं से गांधी जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समाजसेवी विपिन यादव ने कहा कि गांधी जी का पूरा जीवन समाज और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। उनका सादा जीवन और उच्च विचार हम सभी के लिए प्रेरणा है। गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाएंगे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वच्छता, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारी शिवम साहू, सोनम, काजल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




